Homeमनोरंजनरामायण ट्रेलर में सीता की बहन बनकर छाईं रिया कपूर, जानिए कौन...

रामायण ट्रेलर में सीता की बहन बनकर छाईं रिया कपूर, जानिए कौन हैं ये नई एक्ट्रेस

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा हो रही है। रणबीर कपूर के भगवान राम, यश के रावण और साई पल्लवी की सीता के लुक को दर्शकों ने खूब पसंद किया। हालांकि, ट्रेलर में कुछ सेकेंड के लिए नजर आई एक नई अभिनेत्री ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सीता के साथ दिखाई देने वाली उनकी बहन को देखकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि यह अभिनेत्री कौन हैं।

रिया कपूर निभा रही हैं मांडवी का किरदार

शुरुआत में कई लोगों ने अनुमान लगाया कि ट्रेलर में दिख रही अभिनेत्री सुरभि दास हैं। बाद में स्पष्ट हुआ कि सीता की बहन मांडवी का किरदार रिया कपूर निभा रही हैं। सुरभि दास ने भी सोशल मीडिया के जरिए पुष्टि की कि ट्रेलर में नजर आने वाली अभिनेत्री रिया कपूर ही हैं।

कौन हैं रिया कपूर?

रिया कपूर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का नया चेहरा हैं। इससे पहले वह तेलुगु फिल्म ‘MissTerious’ में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने स्टार प्लस के टीवी शो ‘संपूर्णा’ में नैना का किरदार निभाया था। हालांकि शो खत्म होने से पहले ही उनके किरदार की कहानी पूरी हो गई थी। टीवी और फिल्मों के अलावा रिया कई म्यूजिक वीडियो में भी काम कर चुकी हैं और सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है।

रामायण में क्या है मांडवी का महत्व?

पौराणिक कथा के अनुसार, मांडवी राजा कुशध्वज और रानी चंद्रभागा की पुत्री तथा माता सीता की चचेरी बहन हैं। उनका विवाह भगवान राम के छोटे भाई भरत से हुआ था। मान्यता है कि मांडवी देवी लक्ष्मी के शंख का अवतार हैं। भरत और मांडवी के दो पुत्र तक्ष और पुष्कल बताए जाते हैं।

फिल्म में कौन-कौन से कलाकार आएंगे नजर?

फिल्म में उर्मिला का किरदार सोनिया बालानी निभा रही हैं, जबकि श्रुतकीर्ति के रोल में सुरभि दास दिखाई देंगी। रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता, अरुण गोविल, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, सौरभ सचदेवा, फैसल मलिक और मुकेश तिवारी समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

कब रिलीज होगी ‘रामायण’?

फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर रिलीज करने की योजना है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 तक सिनेमाघरों में लाने की तैयारी है। हालांकि रिलीज डेट को लेकर मेकर्स की आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार है।

RELATED ARTICLES

Most Popular