दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के बाद अब कांग्रेस उत्तर प्रदेश में युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। इसी क्रम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों के साथ संवाद करेंगे। केपी कॉलेज मैदान में प्रस्तावित इस कार्यक्रम को पार्टी युवाओं और प्रतियोगी छात्रों तक पहुंच बनाने के बड़े अभियान के रूप में देख रही है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए इसे ‘छात्रों की गूंज’ नाम दिया है। कांग्रेस का दावा है कि अब तक 1.60 लाख से अधिक छात्र ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि कार्यक्रम में करीब तीन लाख छात्रों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
युवाओं के मुद्दों पर रहेगा फोकस
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस युवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और बेरोजगारों के बीच अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है। प्रयागराज लंबे समय से प्रतियोगी छात्रों का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐसे में राहुल गांधी रोजगार, भर्ती, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर छात्रों से सीधा संवाद करेंगे।
कार्यक्रम के पोस्टरों में ‘जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा’ जैसे नारे के साथ पेपर लीक, लंबित भर्तियों और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
भव्य आयोजन की तैयारी
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम के लिए विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। राहुल गांधी के मंच तक पहुंचने के लिए विशेष कॉरिडोर बनाया जाएगा, ताकि वे छात्रों के बीच जाकर संवाद कर सकें। आयोजन स्थल पर साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, सुरक्षा और बैठने की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
एंट्री के दौरान आतिशबाजी की तैयारी
पार्टी की योजना के अनुसार राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पहुंचने के दौरान आतिशबाजी भी की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे प्रस्तावित है, जबकि राहुल गांधी के करीब 7 बजे पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
छात्रों के लिए विशेष व्यवस्थाएं
कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्रों के लिए चाय और पेयजल की व्यवस्था की गई है। कुछ चयनित छात्रों और कांग्रेस नेताओं के लिए भोजन की भी व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा छात्रों को पार्टी की नीतियों और छात्र हितों से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
फ्री ई-रिक्शा सेवा का इंतजाम
कांग्रेस ने पंजीकृत छात्रों के लिए नि:शुल्क ई-रिक्शा सेवा की व्यवस्था की है। यह सुविधा प्रयागराज रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, छात्रावासों और छात्र बहुल क्षेत्रों से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के लिए उपलब्ध रहेगी। इसका लाभ पंजीकृत छात्र अपना आईडी कार्ड दिखाकर उठा सकेंगे।
15 जिलों के छात्रों पर विशेष ध्यान
कांग्रेस ने प्रयागराज के अलावा कौशांबी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, जौनपुर, फतेहपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही, अयोध्या, कानपुर, आजमगढ़ और मऊ के छात्रों को विशेष रूप से आमंत्रित करने की रणनीति बनाई है। कार्यक्रम के प्रबंधन की जिम्मेदारी एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को सौंपी गई है।
छात्र संवाद पर रहेगा जोर
प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में राजनीतिक नारेबाजी से बचने और इसे छात्र संवाद के रूप में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी का कहना है कि मंच पर केवल राहुल गांधी मौजूद रहेंगे, ताकि पूरा फोकस छात्रों और उनके मुद्दों पर केंद्रित रहे।
