संसद परिसर में भगवान श्रीराम के कथित अपमान के विरोध में सोमवार को लखीमपुर खीरी में अखिल भारत हिंदू महासभा सहित विभिन्न हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट गेट पर सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन कर नारेबाजी की। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष विनोद गुप्ता के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 31 जुलाई को संसद परिसर में हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव सहित कुछ सांसदों ने “चंदा चोरी” का नाटक कर भगवान श्रीराम का कथित रूप से अपमान किया, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
एफआईआर दर्ज करने की मांग
ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उनका कहना था कि किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीकों के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
क्या बोले जिलाध्यक्ष विनोद गुप्ता
अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष विनोद गुप्ता ने कहा, “भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कोई भी कथित कृत्य या बयान स्वीकार्य नहीं है। हमारी मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। धार्मिक भावनाओं का सम्मान हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का दायित्व है।”
