Homeउत्तर प्रदेशसीएम योगी करेंगे इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 का शुभारंभ, ग्रेटर नोएडा...

सीएम योगी करेंगे इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 का शुभारंभ, ग्रेटर नोएडा बनेगा हरित ऊर्जा का राष्ट्रीय केंद्र

उत्तर प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा और हरित विकास के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 अगस्त को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक (आईबीईटी) एक्सपो-2026 का शुभारंभ करेंगे। तीन दिवसीय यह आयोजन 11 से 13 अगस्त तक चलेगा, जिसमें ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा भी शामिल होंगे।

इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई) और एमएम एक्टिव साइ-टेक कम्युनिकेशंस द्वारा उत्तर प्रदेश न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (यूपीनेडा) के सहयोग से आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी, स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकी और हरित उद्योगों के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस आयोजन को नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग सहित कई केंद्रीय संस्थानों का सहयोग प्राप्त है। “कम-कार्बन विश्व के लिए उन्नत बायोएनर्जी समाधान” विषय पर आधारित इस सम्मेलन में नीति-निर्माता, उद्योग जगत, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, निवेशक और तकनीकी विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे।

निवेश और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

राज्य सरकार का उद्देश्य आईबीईटी एक्सपो-2026 के माध्यम से बायोएनर्जी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना, नई तकनीकों को बढ़ावा देना और उद्योग-सरकार के बीच साझेदारी को मजबूत करना है। सम्मेलन में कम्प्रेस्ड बायोगैस, एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायो-मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन, मरीन फ्यूल्स, बायोमास पेलेट एवं ब्रिकेट्स और कार्बन मार्केट जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।

120 से अधिक विशेषज्ञ करेंगे मंथन

तीन दिवसीय आयोजन में 25 से अधिक तकनीकी सत्र आयोजित होंगे। इसमें 120 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक, 1,000 से ज्यादा प्रतिनिधि और करीब 15,000 व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन में नीति आयोग, भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (आईआरईडीए), केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण सहित कई केंद्रीय संस्थानों और मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे।

बड़ी कंपनियों की रहेगी भागीदारी

आईबीईटी एक्सपो-2026 में प्राज इंडस्ट्रीज़, रिलायंस बायोएनर्जी, अशोक लेलैंड, इंडियनऑयल, हीरो मोटोकॉर्प, गेल, टीवीएस, अडानी वेंचर्स और एएम ग्रीन जैसी प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी। वहीं टेरी, जीआईज़ेड और ईवाई जैसे प्रतिष्ठित नॉलेज पार्टनर भी आयोजन से जुड़े हैं।

आईएफजीई के महानिदेशक संजय गजू ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहभागिता उत्तर प्रदेश की बायोएनर्जी क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उनके अनुसार यह आयोजन निवेश, नवाचार और नई तकनीकों को बढ़ावा देने के साथ भारत की हरित अर्थव्यवस्था और ऊर्जा सुरक्षा को नई दिशा देगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular