रिपोर्ट -अजयपाल यादव
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शराब के नशे में धुत युवक के उत्पात के बाद हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बेनी नगला में दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला फायरिंग तक पहुंच गया, जिसमें 18 वर्षीय युवती रीना गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराब के नशे में धुत युवक गांव में हंगामा कर रहा था। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई और इसी दौरान गोली चला दी गई। फायरिंग के दौरान रीना, पुत्री सुखपाल, गोली लगने से घायल हो गई।
घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण घायल युवती को दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दातागंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित सुखपाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नन्हे और जगतपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जगतपाल को एक तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी नन्हे की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार, फायरिंग की परिस्थितियों और विवाद की वजह की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
