Report – अंचल प्रताप सिंह
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश किए जाने से पहले आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह हवालात से बाहर निकलते समय हाथ जोड़कर अपने किए पर माफी मांगता नजर आ रहा है। पुलिस कार्रवाई के बाद उसके तेवर पूरी तरह बदल गए।
पुलिस के अनुसार, भोजीपुरा थाना क्षेत्र के घंघोरा पिपरिया मॉडर्न विलेज निवासी अनिल कुमार ने 31 जुलाई को पुलिस कंट्रोल रूम पर बार-बार फोन कर अधिकारियों को परेशान किया। इस दौरान उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
सूचना मिलने पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ भी गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।
उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह की तहरीर पर भोजीपुरा थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 587/2026 दर्ज किया गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351, 352 और 196 के तहत कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक सुशील कुमार और कांस्टेबल सोनू कोरी ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में आरोपी अनिल कुमार का बदला हुआ रवैया दिखाई दे रहा है। जो व्यक्ति पहले पुलिस और मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहा था, वही अब हाथ जोड़कर माफी मांगता और अपनी गलती स्वीकार करता नजर आ रहा है। वीडियो में वह लंगड़ाते हुए हवालात से बाहर निकलता भी दिखाई दे रहा है।
पुलिस का बयान
क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री को फोन पर धमकी देने और पुलिस टीम के साथ अभद्रता करने के मामले में आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
