काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को राजधानी लखनऊ स्थित काकोरी शहीद स्मारक में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अवसर पर काकोरी के अमर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। समारोह का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के बलिदान को याद करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री शहीद स्मारक पहुंचकर अमर सेनानियों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों, सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही लखनऊ के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रदर्शनी और नाट्य मंचन से जीवंत होगा इतिहास
समारोह में राजकीय अभिलेखागार और उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित विशेष अभिलेख एवं चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं भारतेन्दु नाट्य अकादमी का रंगमंडल ‘शताब्दी : काकोरी एक्शन’ पर आधारित विशेष नाट्य प्रस्तुति देगा, जिसमें काकोरी ट्रेन एक्शन के ऐतिहासिक घटनाक्रम को मंच पर जीवंत किया जाएगा।
‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान से जुड़ेगा आयोजन
कार्यक्रम के दौरान ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत शहीद स्मृति वाटिका में वृक्षारोपण भी किया जाएगा। यह पहल शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगी। समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
बलिदान की अमर गाथा
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 9 अगस्त 1925 को लखनऊ के निकट काकोरी स्टेशन के पास हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन (HRA) के क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश सरकार के खजाने पर कब्जा कर स्वतंत्रता आंदोलन के लिए आर्थिक संसाधन जुटाने का साहसिक अभियान चलाया था। इस ऐतिहासिक कार्रवाई का नेतृत्व रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाकउल्लाह खान, राजेन्द्र लाहिड़ी, चंद्रशेखर आजाद, केशव चक्रवर्ती, मुकुन्दी लाल और बनवारी लाल सहित कई क्रांतिकारियों ने किया। इसके बाद अंग्रेजी हुकूमत ने दमन अभियान चलाकर रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाकउल्लाह खान, रोशन सिंह और राजेन्द्र लाहिड़ी को फांसी दे दी। उन्होंने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का ऐसा अमर अध्याय है, जो आज भी देशवासियों को राष्ट्रभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता है।
कीवर्ड: काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, काकोरी शहीद स्मारक, जयवीर सिंह, लखनऊ, स्वतंत्रता संग्राम, रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाकउल्लाह खान, काकोरी कांड, उत्तरप्रदेश।
