Homeउत्तर प्रदेशस्कूली वैन में तोड़फोड़ करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद; 2...

स्कूली वैन में तोड़फोड़ करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद; 2 की तलाश जारी

 राजधानी के चौक थाना क्षेत्र स्थित चरक चौराहे पर बच्चों से भरी स्कूली ईको वैन पर हमला कर शीशा तोड़ने और चालक से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह चरक चौराहे के पास ईको वैन चालक आमिर द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही बाइक वैन से टकरा गई थी। मामूली टक्कर के बाद बाइक सवार युवकों ने चालक के साथ मारपीट की और किसी भारी वस्तु से वैन का शीशा तोड़ दिया। उस समय वैन में कई स्कूली बच्चे सवार थे। शीशा टूटने से कांच के टुकड़े बच्चों पर गिरे, जिससे वे सहम गए और अफरा-तफरी मच गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एसीपी शुभम कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सर्विलांस की मदद से कुल छह आरोपियों की पहचान की गई, जो उन्नाव जिले के हसनगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। मंगलवार को एक आरोपी और बुधवार को चरक चौराहे के पास से तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप राजपूत, बृजेश राजपूत, नितिन और अनुज कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular