रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के मौके पर रविवार को राजधानी लखनऊ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथ में तिरंगा लेकर मुख्यमंत्री आवास से विधानभवन तक पैदल यात्रा की। उनके साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी तिरंगा लेकर चलते नजर आए।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत सुबह करीब 9:50 बजे मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग से हुई। करीब 30 मिनट में यात्रा ने लगभग दो किलोमीटर का सफर तय कर विधानभवन पहुंचकर विराम लिया। इस दौरान देशभक्ति के गीतों के साथ ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा माहौल देशभक्तिमय नजर आया।

बच्चों के साथ योगी ने ली सेल्फी
यात्रा में कैबिनेट मंत्री, भाजपा नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। बच्चे 101 फीट लंबा तिरंगा लेकर यात्रा में आगे बढ़े। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ सेल्फी भी ली।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी के एक ओर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, जबकि दूसरी ओर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी नजर आए। स्काउट-गाइड के बच्चों के बीच चलते हुए मुख्यमंत्री ने हाथ में तिरंगा थाम रखा था।
योगी बोले- देश में रहकर वंदे मातरम का अपमान नहीं चलेगा
विधानभवन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश में रहकर भारत की विरासत और महापुरुषों का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा।

योगी ने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन का यह 101वां पर्व है। इस अवसर पर वह देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सपूतों को नमन करते हैं। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर और सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अब राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय घर पर तिरंगा लगाने के लिए भी लोगों को संघर्ष करना पड़ता था।

दोनों डिप्टी CM ने भी शहीदों को किया याद
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि तिरंगा यात्रा गौरवशाली अतीत और देश के महान शहीदों की याद दिलाती है। उन्होंने यात्रा में जुटी युवाओं की भीड़ को शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह कार्यक्रम युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के नायकों से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए शहीदों ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया था।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पूरे देश में तिरंगे की शान के लिए तिरंगा यात्रा अभियान कीई शुरुआत की जा रही है।
काकोरी पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे योगी
तिरंगा यात्रा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काकोरी पहुंचेंगे। यहां वह काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान और राजेंद्र नाथ लाहिड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
बता दें कि 9 अगस्त 1925 को लखनऊ के पास काकोरी में क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी सरकार के खजाने को ले जा रही ट्रेन को रोककर सरकारी धन पर कब्जा किया था। इस धन का इस्तेमाल स्वतंत्रता संग्राम के लिए हथियार खरीदने में किया जाना था। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में हर वर्ष 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस मनाया जाता है।
काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस से स्वतंत्रता दिवस तक प्रदेशभर में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों और शहीद स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।
