लखनऊ: उत्तर प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत प्रदेश के 18 प्रीमियम बस स्टेशनों और वाणिज्यिक परिसरों के विकास के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं।
इन परियोजनाओं में 1,100 करोड़ रुपये से अधिक निवेश की संभावना जताई गई है। बस स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस किया जाएगा। साथ ही यहां होटल, फूड कोर्ट, रिटेल शॉप्स, ऑफिस स्पेस, मल्टीप्लेक्स और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे ये बस स्टेशन ट्रांजिट-कमर्शियल हब के रूप में विकसित होंगे।
यूपीएसआरटीसी के अनुसार, निवेशकों को आकर्षित करने के लिए 90 वर्ष तक की कंसेशन अवधि का प्रावधान किया गया है, जिससे दीर्घकालिक व्यावसायिक अवसर उपलब्ध होंगे।
निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 दोपहर 2 बजे तय की गई है। इच्छुक निवेशक यूपीएसआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट और उत्तर प्रदेश ई-टेंडर पोर्टल पर टेंडर से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इन 18 शहरों में होंगे प्रोजेक्ट
अकबरपुर, अमेठी, बदायूं, भिनगा, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, गोला, सिधौली, माती, उन्नाव, हैदरगढ़, नहटौर, सराय अकिल, बादशाहपुर, तरवा, पीलीभीत और निचलौल।
