किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के सर्जरी विभाग में गुरुवार देर रात स्विच बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग लगने के बाद पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया, जिससे पीडियाट्रिक सर्जरी वार्ड में भर्ती बच्चों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही केजीएमयू प्रशासन हरकत में आया। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर पीडियाट्रिक सर्जरी वार्ड में भर्ती करीब 50 बच्चों को तत्काल दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से ICU में भर्ती बच्चों को भी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया।
घटना के समय बिजली बाधित होने के कारण डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और परिजनों को मरीजों को शिफ्ट करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
वहीं, तीमारदारों ने आरोप लगाया कि आग लगने के बावजूद अस्पताल में फायर अलार्म नहीं बजा और कई स्थानों पर लगे फायर सेफ्टी उपकरण भी काम नहीं कर रहे थे। उनका कहना है कि यदि अलार्म समय पर बज जाता तो लोग पहले ही सतर्क हो जाते और स्थिति को संभालना आसान होता।

केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह ने बताया कि सर्जरी विभाग के स्विच बोर्ड में लगी आग पर कुछ ही देर में नियंत्रण पा लिया गया। धुआं फैलने के कारण प्रोटोकॉल के तहत बच्चों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।
