सेवांता हॉस्पिटल में इलाज के नाम पर कथित धन उगाही और मरीज की हालत बिगड़ने के बाद लखनऊ ले जाते समय हुई मौत के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। 7 अगस्त को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की है।
जांच समिति में उपजिलाधिकारी सदर (न्यायिक) श्रीमती सीमा सिंह और जिला चिकित्सालय से संबद्ध सर्जन डॉ. अनूप कुमार को शामिल किया गया है। समिति को मामले से जुड़े सभी तथ्यों की स्थानीय स्तर पर जांच करने और संबंधित अभिलेखों की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार, समिति वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ मरीज के इलाज, उसकी हालत बिगड़ने और लखनऊ ले जाते समय हुई मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी। समिति को जांच के बाद स्पष्ट आख्या और अपने अभिमत के साथ रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के मुताबिक, जांच समिति को 8 अगस्त 2026 की शाम तक अपनी रिपोर्ट अनिवार्य रूप से सौंपनी है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है
