रिपोर्ट: शिवाकांत पाण्डेय
कुशीनगर। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के चखनी खास गांव में हुए आदर्श हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, आदर्श की हत्या उसके ही पांच दोस्तों ने मामूली विवाद के बाद साजिश रचकर की थी। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है।
पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले मृतक आदर्श ने अपने दोस्तों अंगद और चंदन की पिटाई की थी। इसी बात को लेकर दोनों उससे नाराज चल रहे थे। आरोप है कि इसके बाद अंगद, सतीश, चंदन और प्रीतम समेत पांच दोस्तों ने आदर्श की हत्या की साजिश रची।

साजिश के तहत आदर्श को बुलाया गया और उस पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल आदर्श को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने पांच लोगों को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू की, लेकिन विवेचना के दौरान सामने आया कि नामजद किए गए पांचों लोग हत्या में शामिल नहीं थे।
पुलिस ने जांच के आधार पर आदर्श के पांच दोस्तों को हत्या का आरोपी बनाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी पिटाई को लेकर उपजा विवाद मुख्य वजह सामने आया है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने घटना और आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
