रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ।राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रविवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों देशभक्त शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए जब लोगों का हुजूम सड़कों पर उमड़ा तो पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
लेकिन तिरंगा यात्रा के समापन के बाद एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह खुद कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतर आए।
उनका मकसद था कि यात्रा के दौरान सड़क पर कोई कागज, प्लास्टिक या अन्य सामग्री न छूटे और शहर की सड़कें साफ रहें।
धर्मपाल सिंह खुद उठाने लगे कूड़ा
तिरंगा यात्रा खत्म होने के बाद धर्मपाल सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने सड़क पर पड़ी सामग्री को खुद उठाकर हटाया। जिस रास्ते से कुछ देर पहले हजारों लोग तिरंगा लेकर गुजरे थे, उसी मार्ग पर यात्रा समाप्त होते ही भाजपा के बड़े नेता का सफाई में जुट जाना लोगों के लिए खास संदेश देता नजर आया।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सड़क पर पड़ी गंदगी और अन्य सामग्री को हटाया और मार्ग को साफ किया।
तिरंगा यात्रा के साथ स्वच्छता का भी संदेश
धर्मपाल सिंह के इस कदम से संदेश साफ था कि राष्ट्रभक्ति सिर्फ तिरंगा हाथ में लेकर नारे लगाने तक सीमित नहीं है। देश, समाज और अपने शहर को स्वच्छ रखना भी राष्ट्रभक्ति का अहम हिस्सा है।
तिरंगा यात्रा के बाद धर्मपाल सिंह का यह अंदाज खास तौर पर चर्चा में रहा। एक बड़े संगठनात्मक पद पर होने के बावजूद उनका खुद सड़क पर उतरकर सफाई अभियान में शामिल होना कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणादायक संदेश माना जा रहा है।
तिरंगे का सम्मान सिर्फ उसे हाथ में उठाने से नहीं, बल्कि जिस देश का यह गौरव है, उसकी सड़कों, शहरों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने से भी होता है। लखनऊ में तिरंगा यात्रा के बाद सामने आया यह दृश्य इसी भावना को मजबूत करता दिखाई दिया।
