रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
आज राजधानी लखनऊ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बड़ी संख्या में युवा और स्कूली बच्चे शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग से तिरंगा यात्रा को रवाना किया। इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।
यात्रा रवाना होने से पहले भातखंडे के कलाकारों की अगुवाई में वंदेमातरम् का सामूहिक गायन हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से युवाओं को संबोधित किया और बच्चों के साथ तिरंगा सेल्फी भी ली।
इस दौरान सीएम योगी ने देश के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के अपमान को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि अब ऐसा नहीं चलेगा कि कोई देश में रहे और देश के प्रतीकों व महापुरुषों का अपमान करे।
सीएम योगी ने कहा कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का यह साल बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। सीएम ने कहा कि देश का युवा हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य रखता है
तिरंगा यात्रा में करीब 25 से 30 हजार युवाओं ने हिस्सा लेकर राष्ट्र प्रथम का संदेश दिया। यात्रा पांच कालीदास मार्ग से शुरू होकर गोल्फ क्लब, सिविल अस्पताल और अटल चौराहे से होते हुए विधानसभा तक पहुंची। यहां युवाओं के साथ गुब्बारे छोड़कर यात्रा का समापन किया गया।
