रिपोर्ट – गोविंद कश्यप
लखनऊ।काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह’ के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों और क्रांतिकारियों को याद किया।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए बहुत से ऐसे नायक रहे होंगे, जिन्होंने अपना सर्वस्व राष्ट्र के लिए अर्पित कर दिया। उनका एक ही भाव था- “तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सत्तालोलुप लोगों ने इस भावना को केवल अपने वैभव तक सीमित कर लिया। क्रांतिकारियों को भुला दिया गया और उन्हें पाठ्यक्रम में भी उचित स्थान नहीं दिया गया।
‘देश और समाज के खिलाफ होते रहे षड्यंत्र’
सीएम योगी ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी देश और समाज के खिलाफ षड्यंत्र होते रहे। समाज को बांटने की साजिशें फिर से शुरू हुई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों के खिलाफ समाज को जागरूक करने और देश के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन भारत के स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण अध्याय है। इस घटना से जुड़े क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग और बलिदान को याद करना केवल इतिहास को याद करना नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना भी है।
