रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। सावन के दूसरे सोमवार और प्रदोष पर्व के विशेष संयोग पर लखनऊ के ऐतिहासिक बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही बड़ी संख्या में शिवभक्त मंदिर पहुंचने लगे। भगवान बुद्धेश्वर के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।
दुबग्गा स्थित मोहान रोड के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर के कपाट सुबह करीब तीन बजे ही श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया। हरिद्वार, गढ़मुक्तेश्वर और बिठूर समेत विभिन्न गंगा घाटों से कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्तों ने भी विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

भगवान बुद्धेश्वर को लगाया गया केवल फलों का भोग
मंदिर के महंत रामपुरी के मुताबिक, श्रावण मास के दूसरे सोमवार और प्रदोष पर्व का संयोग धार्मिक दृष्टि से विशेष माना जाता है। मंदिर की परंपरा के अनुसार इस दिन भगवान बुद्धेश्वर महादेव को केवल फलों का भोग लगाया गया। मान्यता है कि इस विशेष अवसर पर भगवान बुद्धेश्वर भी भक्तों के साथ व्रत रखते हैं, इसलिए उन्हें अन्न का भोग नहीं लगाया जाता।
सुरक्षा के लिए पुलिस ने किए व्यापक इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पारा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए। मंदिर के आसपास बैरिकेडिंग कर वाहनों का आवागमन नियंत्रित किया गया। श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं, जबकि गर्भगृह में सीमित संख्या में भक्तों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई।
प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ सुबह से ही मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

मेले में भी रही रौनक, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
मंदिर के बाहर लगे पारंपरिक मेले में प्रसाद, फूल-माला, पूजन सामग्री, चूड़ियों और घरेलू सामान की दुकानों पर भी खूब चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं की भीड़ से बाजार गुलजार नजर आया।
हालांकि, मंदिर परिसर के कुछ हिस्सों में कीचड़ और साफ-सफाई की कमी से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर किए जाने की मांग की।
स्थानीय सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों ने भी श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था संभालने में सहयोग किया। भाजपा नेता ताराचंद्र रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष पिंटू गुप्ता, रवीश गुप्ता, बाबा द्विवेदी, बुद्धेश्वर विकास महासभा अध्यक्ष राजेश शुक्ला और प्रियांशु गुप्ता समेत कई सेवादार व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
