Homeउत्तर प्रदेशKKV में संस्थापक दिवस समारोह, मेधावी छात्रों को मिले मेडल और प्रमाण...

KKV में संस्थापक दिवस समारोह, मेधावी छात्रों को मिले मेडल और प्रमाण पत्र

लखनऊ। बप्पा श्री नारायण वोकेशनल स्नातकोत्तर महाविद्यालय (केकेवी), लखनऊ में मंगलवार को संस्थापक दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के संस्थापक परम श्रद्धेय पं. श्री नारायण मिश्र ‘बप्पा जी’ की प्रतिमा पर माल्यार्पण और हवन-पूजन के साथ हुई। प्राचार्य प्रो. संजय मिश्र ने हवन पूजा संपन्न कराई।

सेमिनार हॉल में आयोजित समारोह में महाविद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रमाण पत्र और छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। एमए राजनीति शास्त्र की छात्रा प्रिया यादव को फाउंडर्स मेडल प्रदान किया गया। वहीं आठ अन्य विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले अनन्या शुक्ला, कृति कपूर, श्रद्धा तिवारी, अक्षत शर्मा, काव्या त्रिपाठी, पूर्णिमा पाल, काजोल और आकाश शर्मा को प्रेसिडेंट मेडल से सम्मानित किया गया।

NET, JRF, IIT-JAM और SSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा एमए राजनीति शास्त्र में सर्वाधिक CGPA प्राप्त करने वाली श्रेया कात्यायन और जियोलॉजी में सर्वाधिक CGPA प्राप्त करने वाले उमंग त्रिपाठी समेत अन्य विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाण पत्र दिए गए।

कार्यक्रम में सात विद्यार्थियों को ‘बप्पा अभ्युदय छात्रवृत्ति’ के तहत चेक, प्रमाण पत्र और मैनेजर्स मेडल प्रदान किए गए। छात्र-छात्राओं के साथ-साथ महाविद्यालय के छह शिक्षकों को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, रिसर्च प्रोजेक्ट और पेटेंट आदि के लिए मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वाचनालय का हुआ जीर्णोद्धार

समारोह के दौरान महाविद्यालय के जीर्णोद्धार किए गए वाचनालय का अनावरण श्री टीएन मिश्र ने किया। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी के बावजूद महाविद्यालय को उत्कृष्ट बनाने के लिए संस्थान लगातार प्रयासरत है।

प्रो. प्रीति बाजपेयी ने कहा कि वाचनालय किसी भी शैक्षिक संस्थान का हृदय होता है। यह विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए प्रेरित करने के साथ उन्हें वैश्विक ज्ञान से जोड़ने का अवसर भी देता है।

समारोह में बीएसएनवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, बीएसएनवी इंटर कॉलेज और बीएसएनवी जूनियर हाईस्कूल के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में कुल 1 फाउंडर्स मेडल, 8 प्रेसिडेंट मेडल, 24 मैनेजर्स मेडल और 7 छात्रवृत्ति चेक वितरित किए गए। इसके अलावा छह शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. ज्योति काला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य प्रो. संजय मिश्र ने किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular