नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास पार्किंग स्थल पर बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था की जानकारी ली और कमियों को दूर कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि जेवर में हो रहे बड़े स्तर के विकास को नजरअंदाज कर केवल गड्ढों और जलभराव को मुद्दा बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बेहतर सड़कें, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।

विकास कार्यों को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
धीरेन्द्र सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में जेवर एयरपोर्ट वर्षों तक सिर्फ कागजों और चर्चाओं तक सीमित रहा, वे आज बारिश के पानी को लेकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जेवर उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।
विधायक ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण से जेवर को देश और दुनिया के नक्शे पर नई पहचान मिली है। यहां औद्योगिक निवेश के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
जलभराव की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा
विधायक ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के बीच सामने आने वाली किसी भी तकनीकी कमी या जलभराव की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजता रहे, लेकिन जेवर में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। जलभराव जहां भी समस्या बनेगा, उसका समाधान कराया जाएगा और इसे क्षेत्र के विकास पर सवाल उठाने का आधार नहीं बनने दिया जाएगा।
