Homeउत्तर प्रदेशKGMU को मिला 2026 का इंस्टीट्यूशनल नेशनल अवॉर्ड, न्यूरोट्रॉमा सेवाओं की राष्ट्रीय...

KGMU को मिला 2026 का इंस्टीट्यूशनल नेशनल अवॉर्ड, न्यूरोट्रॉमा सेवाओं की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के न्यूरो सर्जरी विभाग को ट्रॉमा सेंटर में उपलब्ध न्यूरोट्रॉमा सुविधाओं और बेहतर उपचार व्यवस्था के लिए न्यूरोट्रॉमा सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से वर्ष 2026 का इंस्टीट्यूशनल नेशनल अवॉर्ड प्रदान किया गया है। यह सम्मान हैदराबाद में आयोजित सोसाइटी की वार्षिक बैठक के दौरान दिया गया।

इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए देशभर के सात विभिन्न मेडिकल सेंटरों ने आवेदन किया था। अवॉर्ड की चयन समिति ने सभी संस्थानों के प्रतिनिधियों का साक्षात्कार लिया और उनके कार्यों एवं सुविधाओं को लेकर प्रेजेंटेशन भी लिया। इसके बाद KGMU के न्यूरो सर्जरी विभाग को संस्थागत स्तर पर यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।

न्यूरोट्रॉमा सुविधाओं को मिली राष्ट्रीय पहचान

इस अवॉर्ड से KGMU के न्यूरो सर्जरी विभाग की न्यूरोट्रॉमा सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। विभाग के ट्रॉमा सेंटर में न्यूरो सर्जरी के मरीजों के लिए 55 बेड का वार्ड उपलब्ध है। इसके अलावा दो ऑपरेशन थिएटर और न्यूरो इंटेंसिव केयर यूनिट के बेड भी मौजूद हैं।

ट्रॉमा सेंटर में उपलब्ध अन्य विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ भी न्यूरोसर्जरी के मरीजों को मिलता है। इनमें क्रिटिकल केयर मेडिसिन और ट्रॉमा वेंटिलेटर यूनिट के तहत उपलब्ध आईसीयू सुविधाएं शामिल हैं।

पूरी टीम की मेहनत का परिणाम

विभाग के अनुसार, यह सम्मान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी न्यूरोट्रॉमा टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इसमें सभी फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग ऑफिसर्स, टेक्नीशियन और न्यूरोसर्जरी से जुड़े अन्य सपोर्ट स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

न्यूरोट्रॉमा सुविधाओं को बेहतर बनाने में न्यूरो सर्जरी विभाग को एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी, इमरजेंसी केयर सहित अन्य विभागों का भी लगातार सहयोग मिलता रहा है।

एविडेंस बेस्ड ट्रीटमेंट पर जोर

विभाग के सभी फैकल्टी सदस्य न्यूरोट्रॉमा सुविधाओं को लगातार बेहतर करने के साथ-साथ उससे संबंधित एकेडमिक ट्रेनिंग और एविडेंस बेस्ड ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल को अपनाने के लिए प्रयासरत रहते हैं।

विभाग का कहना है कि न्यूरोट्रॉमा केयर को उच्चीकृत करने में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, एनेस्थीसिया टीम, टेक्नीशियन और अन्य सपोर्ट स्टाफ की निरंतर मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान है।

कुलपति ने दी बधाई

KGMU की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने इस उत्कृष्ट राष्ट्रीय सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की और न्यूरो सर्जरी विभाग समेत पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस उपलब्धि को संस्थान के लिए गौरव का विषय बताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular