न्यूज़ डेस्क, लखनऊ
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के न्यूरो सर्जरी विभाग को ट्रॉमा सेंटर में उपलब्ध न्यूरोट्रॉमा सुविधाओं और बेहतर उपचार व्यवस्था के लिए न्यूरोट्रॉमा सोसाइटी ऑफ इंडिया का वर्ष 2026 का इंस्टीट्यूशनल नेशनल अवार्ड मिला है। यह सम्मान हैदराबाद में आयोजित सोसाइटी की वार्षिक बैठक में प्रदान किया गया।
इस अवार्ड के लिए देशभर के सात मेडिकल सेंटरों ने आवेदन किया था। चयन समिति ने सभी संस्थानों के प्रतिनिधियों का साक्षात्कार लेने के साथ उनकी प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। इसके बाद केजीएमयू के न्यूरो सर्जरी विभाग को इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना गया।

केजीएमयू के न्यूरो सर्जरी विभाग के ट्रॉमा सेंटर में न्यूरोट्रॉमा मरीजों के लिए 55 बेड का वार्ड, दो ऑपरेशन थिएटर और न्यूरो आईसीयू की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा क्रिटिकल केयर मेडिसिन और ट्रॉमा वेंटिलेटर यूनिट में उपलब्ध आईसीयू सुविधाओं का भी न्यूरो सर्जरी मरीजों को लाभ मिलता है।
विभाग के अनुसार, इस उपलब्धि में न्यूरोट्रॉमा टीम के फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट्स, नर्सिंग ऑफिसर्स, टेक्नीशियन और सपोर्ट स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। न्यूरोट्रॉमा सेवाओं को बेहतर बनाने में एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी, इमरजेंसी केयर समेत अन्य विभागों का भी सहयोग मिलता है।

विभाग के सभी फैकल्टी सदस्य न्यूरोट्रॉमा सुविधाओं के विस्तार, एकेडमिक ट्रेनिंग और एविडेंस-बेस्ड ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल को अपनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। विभाग ने इस सम्मान को न्यूरोट्रॉमा केयर से जुड़े सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, एनेस्थीसिया टीम, टेक्नीशियन और अन्य कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम बताया।
केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए न्यूरो सर्जरी विभाग और पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
