Homeउत्तर प्रदेशसावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी पर शिवमय हुआ यूपी, मंदिरों...

सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी पर शिवमय हुआ यूपी, मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

लखनऊ। सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के संयोग पर उत्तर प्रदेश का कोना-कोना शिवभक्ति में डूबा नजर आया। आगरा से लेकर अयोध्या, काशी और प्रयागराज तक प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजते रहे।

काशी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मंगल आरती के बाद पट खुलते ही बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। भक्तों ने बाबा को जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

वहीं आगरा के कैलाश महादेव मंदिर में तड़के करीब तीन बजे से ही भगवान शिव का अभिषेक शुरू हो गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन खोले गए। बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

बारिश में भी नहीं डिगी अयोध्या में आस्था

रामनगरी अयोध्या में भी सावन का तीसरा सोमवार और नाग पंचमी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। तड़के से ही श्रद्धालु पुण्य सलिला सरयू में स्नान के बाद प्राचीन नागेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। तेज बारिश के बावजूद भक्तों की भीड़ कम नहीं हुई।

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मान्यता है कि नागेश्वरनाथ मंदिर की स्थापना भगवान श्रीराम के पुत्र कुश ने की थी। पर्व के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से प्रवेश दिया गया।

नागेश्वरनाथ मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं का रुख हनुमानगढ़ी और राम मंदिर की ओर रहा। गोंडा, बहराइच, बस्ती, सुलतानपुर समेत आसपास के जिलों के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से भी श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे।

मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिरों और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया। बैरिकेडिंग, निगरानी और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। कई शहरों में बारिश के बीच भी भक्त कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

नाग पंचमी के अवसर पर कई शिव मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं ने नाग देवता की पूजा भी की। सावन सोमवार और नाग पंचमी के एक साथ पड़ने से पूरे प्रदेश में दिनभर भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।

मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर समेत प्रदेश के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी सुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular