Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ : बुद्धेश्वर में नगर निगम टीम पर हमला, दारोगा का गला...

लखनऊ : बुद्धेश्वर में नगर निगम टीम पर हमला, दारोगा का गला दबाने का आरोप

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। बुद्धेश्वर इलाके में नगर निगम की टीम अवैध डेयरी और सार्वजनिक स्थानों पर गोबर व गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी टीम के साथ मौजूद था।

कार्रवाई का विरोध करते हुए भीड़ ने किया हमला

कार्रवाई शुरू होते ही कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और करीब 20 से 25 लोगों ने पुलिस व नगर निगम की टीम को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

दारोगा का गला दबाने और जंजीर से हमला करने का आरोप

हमले के दौरान एक दारोगा का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश किए जाने का आरोप है। वहीं, एक महिला पर लोहे की जंजीर से दारोगा के सिर पर कई बार वार करने का भी आरोप लगाया गया है। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई।

12 से ज्यादा लोगों पर मुकदमा, दो महिलाएं गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने 12 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

वायरल वीडियो से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

बुद्धेश्वर में पहले भी हो चुका है टीम का विरोध

बुद्धेश्वर इलाके में नगर निगम की कार्रवाई का विरोध पहले भी सामने आ चुका है। वर्ष 2024 में अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थानीय लोगों और नगर निगम की टीम के बीच विवाद हुआ था। उस समय भीड़ द्वारा जेसीबी पर पथराव किए जाने की बात सामने आई थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular