Homeउत्तर प्रदेशराप्ती में डूबते युवक को PAC जवानों ने बचाया

राप्ती में डूबते युवक को PAC जवानों ने बचाया

न्यूज डेस्क, गोरखपुर 

गोरखपुर में राप्ती नदी में डूब रहे एक युवक के लिए 26वीं वाहिनी पीएसी के जवान फरिश्ता बनकर सामने आए। नौसढ़ स्थित रामघाट पर बाढ़ राहत प्रशिक्षण के दौरान जवानों ने युवक को नदी में छलांग लगाते देखा तो तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। कुछ ही देर में टीम ने युवक को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया।

दरअसल, संतकबीरनगर के धनघटा निवासी उमेश कुमार ने मंगलवार शाम करीब छह बजे नौसढ़ रामघाट से राप्ती नदी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते वह गहरे पानी में डूबने लगा। उस समय रामघाट पर 26वीं वाहिनी पीएसी का बी दल बाढ़ राहत प्रशिक्षण और ड्यूटी पर तैनात था।

युवक को डूबता देख हेड कांस्टेबल महात्म प्रसाद ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला। उनके नेतृत्व में बाढ़ राहत दल मोटरबोट लेकर नदी में उतरा और युवक की तलाश शुरू कर दी। जवानों ने बेहद कम समय में युवक को खोज निकाला और सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद युवक को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक युवक की स्थिति सामान्य है।

इस साहसिक रेस्क्यू अभियान में हेड कांस्टेबल महात्म प्रसाद के साथ कांस्टेबल संजय कुमार गौतम, कृष्णचंद मौर्य, रमेश यादव, मनोज शुक्ला, जितेंद्र कुमार, रवि गौतम और धीरेंद्र गोंड शामिल रहे। जवानों की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की दलनायक और थाना राजघाट प्रभारी ने सराहना की।

बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रदेश सरकार की ओर से राहत और बचाव दलों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गोरखपुर में इसी प्रशिक्षण के दौरान पीएसी जवानों की मुस्तैदी ने एक युवक की जान बचाकर साबित कर दिया कि आपदा की तैयारी किस तरह किसी की जिंदगी बचाने में निर्णायक साबित होसकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular