रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में करीब 1:45 बजे भीषण आग लग गई। इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे और हादसे के वक्त ज्यादातर लोग सो रहे थे। आग और धुएं की चपेट में आने से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो महिलाएं और एक चार साल का बच्चा भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, आग लगने के बाद पूरी इमारत में धुआं भर गया। इससे अंदर मौजूद लोगों का दम घुटने लगा। कई लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। अब तक करीब 80 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। मृतकों में भारतीयों के साथ बांग्लादेशी नागरिकों के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है।

सीढ़ियां लगाकर किया गया रेस्क्यू
आग की सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। इमारत में घना धुआं होने के कारण दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फायर डिपार्टमेंट की टीम ने सीढ़ियां लगाकर इमारत के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस और दमकल विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन करीब सुबह 4:30 बजे पूरा हुआ। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत के अंदर तेज गर्मी बनी हुई है। ऐसे में दमकलकर्मी लगातार कूलिंग ऑपरेशन चला रहे हैं।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने शुरुआती जांच के आधार पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह की पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
मंत्री ने इमारत के अंदर की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग की स्थिति देखकर वह हैरान हैं। उनके मुताबिक, इमारत में कई होटल चल रहे थे और वहां बुनियादी सुरक्षा तथा निर्माण नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल हैं। होटल संचालन में भी कई तरह की अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है।

बिल्डिंग मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
फिलहाल पुलिस आग लगने की वजह, बिल्डिंग में सुरक्षा इंतजामों और नियमों के संभावित उल्लंघन की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन पहले बीरभूम के होटल में भी हुआ था हादसा
गौरतलब है कि दो दिन पहले 17 अगस्त को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक पांच मंजिला होटल में आग लग गई थी। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। उस घटना में भी शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया गया था।
लगातार दो बड़े होटल अग्निकांड सामने आने के बाद होटल और बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
