Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ : झूला हादसा: सावन महोत्सव में बकेट टूटने से तीन युवतियां...

लखनऊ : झूला हादसा: सावन महोत्सव में बकेट टूटने से तीन युवतियां घायल

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। गाजीपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित सावन महोत्सव में मंगलवार शाम बड़ा झूला हादसा हो गया। तेज रफ्तार से घूम रहे झूले का एक बकेट अचानक टूटकर नीचे गिर गया। हादसे की चपेट में आने से झूले पर सवार और आसपास मौजूद तीन युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में एक किशोरी को मल्टीपल फ्रैक्चर हुआ है।

हादसे के बाद इंदिरा नगर सावन महोत्सव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवतियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं, हादसे के तुरंत बाद झूला संचालक मौके से फरार हो गया।

झूले का बकेट टूटकर युवती के चेहरे से टकराया

एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट के मुताबिक, विभूतिखंड के विजयीपुर निवासी सूर्या मंगलवार शाम अपनी बहनों इशिका, अंकिता, नैंसी, अनामिका और दोस्त आयुष के साथ सावन महोत्सव घूमने पहुंचे थे। सभी लोग मेला परिसर में लगे बड़े झूले पर बैठे थे।

इसी दौरान झूला तेजी से घूम रहा था, तभी उसका एक बकेट अचानक टूट गया और असंतुलित होकर सीधे अंकिता के चेहरे से जा टकराया। हादसे में अंकिता के साथ नैंसी और विमल नगर निवासी निशा कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

चीख-पुकार के बाद भी देर से रोका गया झूला

परिजनों का आरोप है कि झूला टूटने और चीख-पुकार मचने के बावजूद संचालक ने तत्काल झूला नहीं रोका। लोगों के लगातार विरोध और शोर मचाने के बाद झूले को रोका गया। इसी दौरान मौका पाकर झूला ऑपरेटर भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।हादसे में झूले पर बैठे कुछ अन्य लोगों को भी झटकों के कारण मामूली चोटें आईं।

एक किशोरी को मल्टीपल फ्रैक्चर

लखनऊ झूला हादसे के बाद घायल अंकिता, नैंसी और निशा को पुलिस ने सुषमा अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक तीनों का इलाज चल रहा है। इनमें से एक किशोरी के शरीर में कई जगह फ्रैक्चर हुए हैं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मामूली रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद सावन महोत्सव में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया कि मेले में पुराने और जर्जर झूलों को बिना उचित फिटनेस जांच के संचालित किया जा रहा था।

एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि शुरुआती जांच में मेला लगाने के लिए प्रशासनिक अनुमति होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, गाजीपुर पुलिस को अभी पीड़ितों की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है।

पुलिस के मुताबिक, तहरीर मिलने के बाद झूला संचालक और आयोजकों के खिलाफ लापरवाही तथा सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular