रिपोर्ट: ममता भारद्वाजआगरा। आगरा के खेड़ा पचगाई गांव में बुधवार सुबह घर में सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान घर में मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, घर में सुबह के समय चाय बनाई जा रही थी। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने सिलेंडर को अपनी चपेट में ले लिया और तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया।
धमाका इतना तेज कि दूर जा गिरे दरवाजे और दीवारों के हिस्से
सिलेंडर फटने का धमाका इतना तेज था कि घर की दीवारों और दरवाजों को भारी नुकसान पहुंचा। बताया जा रहा है कि धमाके के कारण घर की दीवारों और दरवाजों के हिस्से दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के समय घर के अंदर मौजूद लोगों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आसपास के लोगों की भी मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
सिलेंडर फटने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और आसपास के इलाके को सुरक्षित किया।
पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसा खाना बनाने के दौरान सिलेंडर में आग लगने के बाद हुआ, हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बड़ा हादसा टला
सिलेंडर में हुए तेज धमाके के बाद घर को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
