रिपोर्ट: अंकित पाण्डेय
हमीरपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों एवं प्रशासकों के साथ संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं पर जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्राम प्रधानों ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत न होने, घरों तक पेयजल आपूर्ति नहीं पहुंचने, क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों, जर्जर स्कूल भवनों, जलभराव और कीचड़ समेत कई समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इसके अलावा ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं, नलकूपों के संचालन और छुट्टा गोवंश से जुड़ी समस्याएं भी उठाई गईं।

जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। जिन गांवों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
विद्युत विभाग को क्षतिग्रस्त एवं उखड़े विद्युत पोलों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, जर्जर विद्यालय भवनों को भी दुरुस्त कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल सफाई एवं जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा इसके लिए टाइड ग्रांट की धनराशि का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई कार्य करें।

ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने सरकारी बारात घरों से निर्धारित किराया वसूलने के निर्देश दिए। इससे प्राप्त धनराशि का उपयोग बारात घरों के रख-रखाव और मरम्मत में किया जाएगा। उन्होंने छुट्टा गोवंश को तत्काल गौशालाओं में संरक्षित करने तथा नलकूपों का संचालन निर्बाध रूप से सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालयों, संपर्क मार्गों, जलभराव और दलदल वाले रास्तों सहित जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार, जिला पंचायत राज अधिकारी सुबोध जोशी सहित समस्त ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रशासक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
