Homeउत्तर प्रदेशराजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- कांग्रेस का भाव चवन्नी या रुपईया?...

राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- कांग्रेस का भाव चवन्नी या रुपईया? अपना रेट बताइए

न्यूज डेस्क ,लखनऊ 

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओपी राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस-सपा गठबंधन, सीट बंटवारे और सपा के अंदरूनी विवादों को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

राजभर ने अखिलेश यादव के ‘चवन्नी को रुपया’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए पूछा, अखिलेश जी, ये बताइए कांग्रेस का भाव क्या है आजकल? चवन्नी, अठन्नी या रुपईया? अपना भी रेट बता दीजिए प्लीज?

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव से अपना घर नहीं संभल रहा और वह दूसरों की चिंता कर रहे हैं। राजभर ने सपा अध्यक्ष को कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे के मुद्दे पर भी घेरा।

इमरान मसूद-अशु मलिक विवाद का जिक्र

राजभर ने सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा विधायक आशु मलिक के बीच हुए विवाद का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश को अपनी पार्टी और सहयोगियों के मामलों पर ध्यान देना चाहिए।

राजभर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लगातार सपा पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम के 200 सीटों की मांग संबंधी बयान का हवाला देते हुए अखिलेश यादव से पूछा कि कांग्रेस को इतनी सीटें कैसे दी जाएंगी।

पीला गमछा हमारी पहचान

ओपी राजभर ने अपने राजनीतिक और सामाजिक आधार को लेकर भी अखिलेश यादव को संदेश दिया। उन्होंने कहा, पीला गमछा मेरी पार्टी की पहचान है, हमारी अस्मिता है। हम महाराजा सुहेलदेव के वंशज हैं, ये मत भूलिएगा।”

राजभर के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सपा और उसके सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे और राजनीतिक दबाव को लेकर जारी बयानबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular