Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ : बहन की मौत के बाद You tuber प्रज्ञा...

लखनऊ : बहन की मौत के बाद You tuber प्रज्ञा मिश्रा बोलीं- जीजा साइको था

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। गोमतीनगर थाना क्षेत्र में SBI के फील्ड ऑफिसर मानस बाजपेयी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मार ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने वारदात को पहले से प्लान किया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब 12:05 बजे मानस बाजपेयी कार से ICICI बैंक पहुंचा। वहां उसने फोन कर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को बैंक के बाहर बुलाया। कुछ देर दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद मानस करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित अपने घर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय वह काफी घबराया और पसीने से भीगा हुआ था। घर पहुंचने के बाद उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चला दी।

सुसाइड से पहले आरोपी ने वॉट्सएप पर स्टेटस लगाया था। इसमें लिखा था- मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है, क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया।

इसके बाद उसने अपनी 28 वर्षीय बहन शीबा बाजपेयी को गोली मार दी। परिजनों के अनुसार, शीबा मानसिक बीमारी से जूझ रही थी और उसका इलाज चल रहा था। इसके बाद मानस ने खुद को भी गोली मार ली।

आवाज सुनकर पड़ोसियों ने तोड़ा दरवाजा

घर के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर मानस और उसकी बहन शीबा खून से लथपथ हालत में मिले। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम से जांच कराई। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पत्नी की हत्या के बाद WhatsApp स्टेटस से मचा हड़कंप

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पत्नी की हत्या के बाद मानस ने कथित तौर पर WhatsApp स्टेटस लगाया था। इसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए हत्या की बात लिखी थी। स्टेटस में उसने अपनी बहन और खुद को भी मारने की बात कही थी। साथ ही पत्नी की बहन प्रज्ञा और उनके पति भरत यादव का भी जिक्र किया था।

एक साल पहले पत्नी ने दाखिल की थी तलाक की अर्जी

जानकारी के मुताबिक, 33 वर्षीय दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर और रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। उनकी शादी वर्ष 2018 में मानस बाजपेयी से हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी।

बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले दिव्या ने मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी थीं। कुछ समय पहले उन्होंने पारा क्षेत्र के बुद्धेश्वर में मकान बनवाया था, जहां वह अपने माता-पिता के साथ रह रही थीं।

वहीं मानस हुसड़िया चौराहे के पास अपनी बहन शीबा के साथ किराए के मकान में रहता था। वह SBI की इंजीनियरिंग कॉलेज शाखा में फील्ड ऑफिसर के पद पर तैनात था।

ICICI बैंक के बाहर इसी जगह पर आरोपी ने महिला बैंक अफसर को गोली मारी। गोली की आवाज सुनकर बैंककर्मी और आसपास के लोग पहुंचे, तो महिला खून से लथपथ पड़ी थी।

बहन के इलाज को लेकर भी सामने आई जानकारी

परिजनों के मुताबिक, मानस की बहन शीबा मानसिक बीमारी से पीड़ित थी और उसका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि मानस को अपनी बहन के भविष्य और उसकी देखभाल को लेकर चिंता थी। हालांकि, इन सभी पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

दिव्या की बहन ने लगाए गंभीर आरोप

दिव्या की बहन और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर घटना को लेकर पोस्ट किया है। उन्होंने मानस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिव्या पति की कथित प्रताड़ना और उसकी बहन की बीमारी के चलते अलग रह रही थीं। प्रज्ञा ने दावा किया कि मानस पहले से दिव्या की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और बैंक के बाहर पहुंचकर उसने हमला किया।

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पत्नी की हत्या, बहन की हत्या और उसके बाद आत्महत्या की इस वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular