रिपोर्ट: अंकित पाण्डेय
हमीरपुर। अयोध्या में एक लेखपाल के विरुद्ध एंटी करप्शन विभाग द्वारा की गई ट्रैप की कार्रवाई के विरोध में आज हमीरपुर में लेखपाल संघ ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर लेखपाल एक दिवसीय हड़ताल पर रहे और कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे। यह पूरा मामला हमीरपुर सदर तहसील परिसर का है, जहां जिला भर के लेखपाल एकत्रित हुए।
क्या है पूरा मामला?
लेखपाल संघ का आरोप है कि अयोध्या में एक लेखपाल साथी के साथ फर्जी ट्रैप किया गया है। पंचायत भवन में लेखपाल साथी उत्कर्ष सरकारी कार्य कर रहा था, तभी एक व्यक्ति आया और फाइल में पैसे रखकर चला गया। आरोप है कि इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने आकर जबरदस्ती लेखपाल के हाथ में वो पैसे थमाकर उसे फंसाने की कोशिश की, ताकि उसके हाथों में रंग लग जाए।
लेखपाल संघ का कहना है कि पंचायत भवन में लगे CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि लेखपाल ने न तो पैसे की मांग की और न ही उस पैसे को हाथ से छुआ है। वह फोन पर बात कर रहा था, तभी बगल से पैसे रख दिए गए। संघ ने इसे पूरी तरह से फर्जी कार्रवाई बताया है।
आज प्रदेश व्यापी एक दिवसीय हड़ताल है। अयोध्या में हमारे लेखपाल साथी के खिलाफ जो फर्जी ट्रैप किया गया है, उसका हम विरोध करते हैं। हमारी मांग है कि ट्रैप टीम पर कार्रवाई हो और हमारे निर्दोष लेखपाल साथी को बरी किया जाए। अगर लेखपाल गलत है तो सजा मिले, लेकिन फर्जी तरीके से फंसाना गलत है। बरेली में भी ऐसी घटना हुई है। आज हम सभी संपूर्ण कार्य बहिष्कार कर रहे हैं।
लेखपाल संघ ने चेतावनी दी है कि यदि अयोध्या के लेखपाल को न्याय नहीं मिला और दोषी टीम पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

