रिपोर्ट- प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर MBBS इंटर्न्स का प्रदर्शन फिलहाल 15 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। KGMU प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इंटर्न्स की मांग को राज्य सरकार के सामने रखा जाएगा।
₹12 हजार से ₹30 हजार करने की मांग
इंटर्न्स लंबे समय से अपना मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल उन्हें हर महीने ₹12 हजार स्टाइपेंड मिलता है। इंटर्न्स इसे बढ़ाकर ₹30 हजार करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय तक OPD, वार्ड और इमरजेंसी में ड्यूटी करने के बावजूद मौजूदा स्टाइपेंड काफी कम है।
आठ इंटर्न्स ने की भूख हड़ताल
शनिवार को बड़ी संख्या में MBBS इंटर्न्स KGMU के गेट नंबर-1 पर जुटे और नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान आठ इंटर्न्स भूख हड़ताल पर भी बैठे।
15 दिन में कैबिनेट के सामने रखा जाएगा मामला
KGMU के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक (DGME) और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से बातचीत की है। उन्होंने कहा कि MBBS इंटर्न्स के स्टाइपेंड बढ़ाने का प्रस्ताव अगले 15 दिनों में राज्य कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। इसके लिए 7 सितंबर की समय सीमा तय की गई है।
कई मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स हुए शामिल
इस प्रदर्शन में KGMU के अलावा राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS), गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स भी शामिल हुए। प्रदर्शन शनिवार से शुरू हुआ था।
