रिपोर्ट: अंकित पाण्डेय
हमीरपुर। जरिया थाना क्षेत्र के जमौड़ी गांव में रास्ते में पड़े मलबे को हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे परिवार पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में परिवार के 3-4 लोग घायल हो गए हैं।
पीड़ित परिवार आज कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा और पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित महिला सुमित रानी ने बताया कि पड़ोसी निजी रास्ता बताकर उन्हें वहां से निकलने नहीं दे रहे थे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मामले में केवल मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, जबकि हमलावरों ने कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला किया था। पीड़ितों ने डॉक्टर के पास जाकर इलाज कराया, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
