रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य में 4,104.82 करोड़ रुपये के निवेश वाली आठ बड़ी परियोजनाओं के लिए लेटर ऑफ कम्फर्ट (LOC) जारी करने की मंजूरी दे दी गई है।
मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति-2022 के तहत हुई उच्च स्तरीय प्राधिकृत समिति (HLEC) की बैठक में इन निवेश प्रस्तावों को स्वीकृति मिली। परियोजनाओं के प्रस्तावों का ऑनलाइन इंसेंटिव मैनेजमेंट सिस्टम (OIMS) पोर्टल के जरिए मूल्यांकन समिति पहले ही कर चुकी थी।
स्वीकृत परियोजनाओं से प्रदेश के कई जिलों में विनिर्माण, सीमेंट, फार्मास्यूटिकल्स, खाद्य प्रसंस्करण, वायर एवं इलेक्ट्रिकल उत्पाद, डेयरी और सौर ऊर्जा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
इन जिलों में आएंगी बड़ी परियोजनाएं
- गोरखपुर: APL अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड — 320 करोड़ रुपये
- अमरोहा: टेरेस्ट्रियल फूड प्रोसेसर्स — 277.30 करोड़ रुपये
- ललितपुर: अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड — 738 करोड़ रुपये
- गौतमबुद्धनगर: शुक्र फार्मास्यूटिकल्स — 587.50 करोड़ रुपये
- बुलंदशहर: गुडलक इंडिया लिमिटेड — 268.67 करोड़ रुपये
- हाथरस: जीके वाइंडिंग्स वायर्स लिमिटेड — 381.14 करोड़ रुपये
- बागपत: बनासकांठा डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स लिमिटेड — 539.83 करोड़ रुपये
- मथुरा: एल्पेक्स सोलर लिमिटेड — 992.38 करोड़ रुपये
रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद
इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से प्रदेश में औद्योगिक बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। सरकार का फोकस निवेश परियोजनाओं को जल्द लागू कराने और पात्र इकाइयों को नीति के अनुसार प्रोत्साहन उपलब्ध कराने पर है।
बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
