HomeUncategorizedरक्षाबंधन पर पीएम मोदी, राष्ट्रपति मुर्मू समेत दिग्गजों ने दी देशवासियों को...

रक्षाबंधन पर पीएम मोदी, राष्ट्रपति मुर्मू समेत दिग्गजों ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

नई दिल्ली। देशभर में आज, 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास के प्रतीक इस पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन की पावन परंपरा प्राचीन काल से भारतीय संस्कृति और उपासना का हिस्सा रही है। समय के साथ यह पर्व भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का प्रतीक बन गया।

राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षाबंधन परिवार और समाज के सदस्यों के बीच आत्मीयता, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने देश और समाज की रक्षा का संकल्प लेने के साथ विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

पीएम मोदी ने दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए। उन्होंने भाई-बहन के बीच स्नेह, अपनत्व और आपसी विश्वास की डोर हमेशा मजबूत बने रहने की कामना की।

ओम बिरला ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का दिलाया संकल्प

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के आपसी स्नेह और भरोसे का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार भारत की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों में अपनत्व का प्रतीक है।

ओम बिरला ने कहा कि रक्षा का अर्थ केवल बहन की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, गरिमा, अधिकारों और उनके सपनों की रक्षा भी इसका हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जब हर बेटी और बहन सुरक्षित, सम्मानित और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगी, तभी देश और मजबूत बनेगा।

अमित शाह ने सुख-शांति और समृद्धि की कामना की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पर्व को भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास को समर्पित बताया और सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

राजनाथ सिंह ने महिलाओं के सशक्तिकरण का दिया संदेश

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के अटूट स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत करता है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज से महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण के प्रति और अधिक सजग एवं संवेदनशील बनने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Most Popular