Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ कैंट बनेगा मॉडल छावनी, 101 करोड़ की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास

लखनऊ कैंट बनेगा मॉडल छावनी, 101 करोड़ की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अगले एक से डेढ़ साल में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और जनसुविधाओं से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं धरातल पर उतरेंगी। लखनऊ छावनी परिषद की ओर से करीब 100 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से 12 विकास परियोजनाओं को मूर्त रूप दिया जाएगा। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इन परियोजनाओं का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया।

इन परियोजनाओं के तहत फुटबॉल ग्राउंड, अस्पताल, अभ्युदय कोचिंग सेंटर, एआई आधारित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट समेत कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनका उद्देश्य लखनऊ छावनी को मॉडल छावनी के रूप में विकसित करना है, ताकि सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

साल के अंत तक गोमती को स्वच्छ करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार इस वर्ष के अंत तक गोमती नदी को स्वच्छ बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि सेना की मध्य कमान ने गोमती की अविरलता और स्वच्छता के लिए प्रदेश सरकार को पूरा सहयोग दिया है और अभियान युद्धस्तर पर आगे बढ़ रहा है।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने पिछले नौ वर्षों में सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में नई यात्रा तय की है।

‘मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं’ से स्मार्ट सिटी तक

मुख्यमंत्री ने लखनऊ के बदलते स्वरूप का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 20 वर्ष पहले रेलवे स्टेशन पर ‘मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं’ का बोर्ड दिखाई देता था, लेकिन ट्रैफिक जाम, संकरी गलियों और गंदगी के कारण लोग मुस्कुराने के बजाय परेशान होते थे। आज लखनऊ अपनी पुरानी विरासत को संजोते हुए आधुनिक स्मार्ट सिटी के रूप में नई पहचान बना रहा है।

उन्होंने कहा कि शहर में संकरी गलियों के साथ सीएम ग्रिड की स्मार्ट रोड और किसान पथ जैसे आधुनिक मार्ग भी हैं। लखनऊ की ऐतिहासिक विरासत के साथ यहां रक्षा क्षेत्र में ब्रह्मोस जैसी आधुनिक मिसाइलों के निर्माण की दिशा में भी काम हो रहा है।

अभ्युदय कोचिंग और एआई वेस्ट मैनेजमेंट

छावनी क्षेत्र में स्कूल में अभ्युदय योजना के तहत कोचिंग शुरू की जाएगी। इसके अलावा एआई आधारित ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि लखनऊ छावनी परिषद विकास और जनसुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी और ‘ईज ऑफ लिविंग’ के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगी।

यूपी को ग्रोथ इंजन बनाने का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पहचान के संकट, अभाव, अराजकता और अव्यवस्था से जूझ रहा था। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश को नई दिशा देने का प्रयास किया गया है। आज उत्तर प्रदेश भारतीय अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रदेश में छह डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर भी स्थापित किए जा रहे हैं।

राजनाथ बोले- लखनऊ के विकास में योगी का बड़ा सहयोग

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में हुए विकास कार्यों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सोच एक दिशा में होने से विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार, रक्षा मंत्रालय और उद्योग जगत मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ छावनी के लिए करीब 101 करोड़ रुपये की 12 परियोजनाएं भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि बदलाव सिर्फ इमारतों में नहीं, बल्कि पहचान में भी होना चाहिए। इसी क्रम में लखनऊ छावनी में ब्रिटिश काल से चले आ रहे कुछ बाजारों के नाम स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक चेतना और राष्ट्रसेवा से जुड़े व्यक्तित्वों के नाम पर किए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular