लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एनकाउंटर और एसटीएफ को लेकर दिए गए बयान पर बीजेपी नेताओं ने तीखा पलटवार किया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह, सांसद एवं पूर्व डीजीपी बृजलाल समेत कई नेताओं ने अखिलेश यादव पर कानून-व्यवस्था को लेकर गलत नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया।
‘अखिलेश हों या विपक्ष, किसी संस्था पर विश्वास नहीं’
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव हों या विपक्ष के अन्य नेता, उन्हें किसी संस्था पर विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि एसटीएफ बीजेपी सरकार ने नहीं बनाई, बल्कि यह पहले से बनी हुई फोर्स है और अपने गठन के बाद से अपराधियों व आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करती रही है।
दयाशंकर सिंह बोले- सपा सरकार में पुलिस का मनोबल गिरा था
योगी सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने सपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि लखनऊ में एसएसपी के बंगले के सामने सीओ को घसीटकर ले जाया जाता था और पुलिस कुछ नहीं बोलती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय डीजीपी कार्यालय में अपराधी जेल से आकर मिलते थे।
दयाशंकर सिंह ने कहा कि आज वही पुलिस और वही प्रदेश है, लेकिन अब कानून का राज है।
पूर्व DGP बृजलाल ने कहा- STF का हिस्सा होने पर गर्व
सांसद और पूर्व डीजीपी बृजलाल ने भी अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह एसटीएफ का हिस्सा रहे हैं। उनके मुताबिक एसटीएफ ने आतंकियों के खिलाफ काम किया और यूपी के साथ-साथ मुंबई में भी कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की।
बृजलाल ने दावा किया कि एसटीएफ ने मुख्तार अंसारी के कुख्यात गुर्गों का एनकाउंटर किया था। उन्होंने कुख्यात डकैत निर्भय गुर्जर के एनकाउंटर का भी जिक्र करते हुए कहा कि बड़े माफिया और अपराधियों का सफाया करने वाली एसटीएफ पर प्रदेश के लोगों को गर्व है।
उन्होंने अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय थानेदारों की नियुक्ति में एक विशेष जाति को कथित तौर पर प्राथमिकता दी जाती थी।
नीरज सिंह बोले- लगातार गलत नैरेटिव गढ़ रहे अखिलेश
बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव लगातार गलत नैरेटिव गढ़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा रहा है और माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है।
राजेश चौधरी ने लगाया जाति की राजनीति का आरोप
बीजेपी विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पुराना इतिहास जाति की राजनीति करने का रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भर्तियों में एक ही जाति के लोगों को प्राथमिकता दी जाती थी और जाति-धर्म देखकर प्रदेश में दंगे करवाए जाते थे।
उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार जाति और धर्म देखकर कार्रवाई नहीं करती। अपराधी की कोई जाति नहीं होती और कानून सभी के लिए समान है।
पूजा पाल बोलीं- अखिलेश अपने शासनकाल को भूल जाते हैं
बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल ने भी अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद भूल जाते हैं कि उनकी और उनके पिता की सरकार में क्या होता था। उन्होंने सपा शासनकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए कहा कि जिन अपराधियों ने घटनाओं को अंजाम दिया, उन्हें सजा मिली है।
पूजा पाल ने कहा कि जिन मामलों में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी थी, उनमें एनकाउंटर भी इसी सरकार में संभव हुआ है। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार में पीड़ितों को न्याय मिला है।
