Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की इमरजेंसी लैंडिंग, विमान में धुएं...

लखनऊ एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की इमरजेंसी लैंडिंग, विमान में धुएं की सूचना से मचा हड़कंप

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1253 की बुधवार सुबह लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के पिछले हिस्से में स्थित आफ्ट कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का संकेत मिलने के बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर विमान को लखनऊ की ओर मोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान आफ्ट कार्गो कंपार्टमेंट में स्मोक इंडिकेशन मिलने के बाद पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग का फैसला लिया। विमान ने सुबह करीब 8:52 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।

इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने की जांच

विमान के लैंड करते ही एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट कर दिया गया। टीम ने विमान का तत्काल निरीक्षण किया। जांच के दौरान विमान के अंदर या कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का कोई निशान नहीं मिला

इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क किया गया। यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया सुबह 9:02 बजे शुरू हुई। विमान में सवार सभी 155 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

तकनीकी जांच जारी

स्मोक इंडिकेशन मिलने के कारण विमान को आगे की उड़ान पर भेजने से पहले उसकी विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है। शुरुआती निरीक्षण में धुआं दिखाई नहीं दिया है, लेकिन सुरक्षा मानकों के तहत विमान की पूरी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही विमान के आगे संचालन को लेकर फैसला लिया जाएगा।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular