रिपोर्ट -अजयपाल यादव
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं में देर रात तमंचे की नोक पर बाइक लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के आसफपुर रोड पर दो दोस्त खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते पर दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दोनों दोस्तों को जान से मारने की धमकी दी और उनकी बाइक लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ितों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ बिसौली अंशुमान श्रीवास्तव, एसपी देहात हिरदेश कठेरिया और थाना अध्यक्ष बिसौली भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बदमाशों की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाकों और जंगलों में कांबिंग शुरू कर दी है। साथ ही वारदात से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस के हाथ बदमाशों तक नहीं पहुंच सके हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
पूरा मामला बिसौली कोतवाली क्षेत्र के आसफपुर रोड का है।
