सहारनपुर। जिला न्यायालय के फैसले के बाद सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को शनिवार सुबह बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए शहर में जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर करीब छह बुलडोजर लगाए गए।
मस्जिद को अवैध बताते हुए बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने मार्च 2025 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद अवैध है और परिसर का व्यावसायिक इस्तेमाल भी किया जा रहा है, जो कलेक्ट्रेट की सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है।
डेढ़ साल से चल रहा था मामला
मस्जिद से जुड़ा मामला करीब डेढ़ साल से सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में चल रहा था। जुलाई में कोर्ट ने मस्जिद को अवैध माना था। इसके बाद जिला जज न्यायालय में मामले को चुनौती दी गई। तीन दिन पहले जिला जज न्यायालय ने भी सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश को बरकरार रखा।
कोर्ट के फैसले के बाद प्रशासन की ओर से शनिवार सुबह कार्रवाई की गई। इसके लिए सुबह से ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।
रात में फैली थी मस्जिद तोड़े जाने की अफवाह
शुक्रवार रात से ही सोशल मीडिया पर मस्जिद को ध्वस्त किए जाने की खबरें और अफवाहें फैलने लगी थीं। इसके बाद कुछ पार्षदों और सांसद इमरान मसूद ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी।
शनिवार सुबह प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में कार्रवाई शुरू की। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
कैराना सांसद इकरा हसन हाउस अरेस्ट
सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण को लेकर कैराना सांसद इकरा हसन के सहारनपुर जाने की सूचना के बाद पुलिस ने उन्हें उनके कैराना स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, कैराना थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उनके आवास पर तैनात रहे। पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाए जाने की बात सामने आई है।
फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
