रिपोर्टर: अमित शुक्ला
ऐरवा कटरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर कस्बे के गाजीपुर मार्ग स्थित एमएचआर एकेडमी में विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व्यापार मंडल अध्यक्ष रानू पालीवाल ने कहा कि शिक्षक का विद्यार्थियों के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान होता है। गुरुजनों का मार्गदर्शन बच्चों को सही दिशा देने के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि बेहतर समाज के निर्माण में शिक्षकों का योगदान महत्वपूर्ण है।

फैशन प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया हुनर
कार्यक्रम के दौरान आयोजित फैशन प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न पात्रों और आकर्षक वेशभूषा में हिस्सा लिया। बच्चों ने अप्सरा, भोलेनाथ, राधा रानी, राम, कृष्ण सहित विभिन्न पात्रों का रूप धारण कर अपनी प्रतिभा दिखाई।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका मोहम्मद असलम, डॉ. आशीष गुप्ता और मोहम्मद रफी ने निभाई।
अप्सरा रानी की भूमिका में कुमारी नित्या और भोलेनाथ की भूमिका में उभ्यास ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं राधा रानी की भूमिका में इकरा बानो और पंजाबी वेशभूषा में अवसा बानो ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
राम जी की भूमिका में आनव पालीवाल, कृष्ण की भूमिका में मोहम्मद अरान, थलापति की भूमिका में रहीम और मॉडर्न गर्ल की भूमिका में सुवालिया बानो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

200 से अधिक अभिभावक रहे मौजूद
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम में 200 से अधिक अभिभावकों ने मौजूद रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष रानू पालीवाल, मोहम्मद असलम, प्रधानाचार्य नाजरीन बानो, मोहम्मद साहिल, बबलू टेलर सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और अन्य लोग मौजूद रहे।
