रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय
औरैया। अजीतमल थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। थाना अजीतमल पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मामले में 19 वर्षीय रितिक कुमार को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का वांका, मृतक का मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को अजीतमल थाना क्षेत्र के हालेपुर गांव से करीब 500 मीटर दूर हालेपुर रोड के किनारे मूली के खेत में एक युवक का शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान हालेपुर गांव निवासी 25 वर्षीय सुमित नारायण के रूप में की।

मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। घटना के जल्द खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पांच पुलिस टीमों का गठन किया था। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर 6 सितंबर की रात संयुक्त टीम ने आरोपी रितिक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से एक लोहे का वांका, मृतक का मोबाइल फोन, रक्तरंजित सफेद टी-शर्ट और हाफ लोवर बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने करीब छह महीने पहले मृतक से 2,500 रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने 4 सितंबर की शाम मृतक को खेतों की तरफ बुलाया और कथित तौर पर लोहे के वांके से उस पर हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल अपने साथ ले गया और वारदात में इस्तेमाल हथियार तथा कपड़ों को झाड़ियों में छिपाकर मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
