रिपोर्ट -आंचल प्रताप सिंह
बरेली में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते रामगंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी के उफान पर आने से तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। हालात का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह सोमवार को रामगंगा क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने एसडीएम सदर इशिता किशोर के साथ नाव से नदी और आसपास के तटीय इलाकों का निरीक्षण किया।

डीएम ने नदी में पानी के बढ़ते स्तर और बहाव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि रामगंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए और तटीय इलाकों में निगरानी और मजबूत की जाए।
प्रशासन ने राहत एवं बचाव टीमों को अलर्ट कर दिया है। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत-बचाव शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
रातभर हुई बारिश, शहर के कई इलाके जलमग्न
बरेली में रविवार दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई बारिश रातभर जारी रही। मूसलाधार बारिश के कारण सोमवार को शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। कई जगह दोपहर तक घुटनों तक पानी भरा रहा। सड़कें और गलियां जलमग्न होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर निगम की टीमें जलनिकासी में जुटी हैं। वहीं, लगातार बारिश और रामगंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।
