Homeउत्तर प्रदेशमुजफ्फरनगर दंगे की बरसी पर संगीत सोम का अखिलेश यादव पर हमला,...

मुजफ्फरनगर दंगे की बरसी पर संगीत सोम का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- ‘सनातनी न भूले हैं, न भूलेंगे’

मुजफ्फरनगर दंगे की बरसी पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर बीजेपी के पूर्व विधायक संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।

संगीत सोम ने आरोप लगाया कि जब मुजफ्फरनगर में हिंदू मारे जा रहे थे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश हिंसा की आग में जल रहा था, तब अखिलेश यादव सैफई में डांस देख रहे थे। उन्होंने कहा कि सनातनी मुजफ्फरनगर दंगे को न भूले हैं और न भूलेंगे। उन्होंने कहा, “हमने न माफ किया था और न करेंगे।”

संगीत सोम ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि मुजफ्फरनगर दंगे की बरसी पर अखिलेश यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना को लेकर कुछ बोलेंगे और सनातनियों से माफी मांगेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान हजारों हिंदुओं को मारा गया, लेकिन अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा। संगीत सोम ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अखिलेश यादव को आज भी यह याद नहीं आया कि उस समय क्या हुआ था।

अखिलेश के इशारे पर पुलिस ने हिंदुओं पर गोली चलाई’

संगीत सोम ने आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर में अखिलेश यादव के इशारे पर पुलिस ने हिंदुओं पर गोली चलाई थी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने मुजफ्फरनगर में दंगे करवाए और आज उसी दंगे की बरसी पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर सनातन विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कभी राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों पर गोली चलवाई गई तो कभी दंगे करवाए गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव केवल एक धर्म की राजनीति करते हैं और उन्हें सनातनियों से कोई मतलब नहीं है। संगीत सोम ने कहा कि भगवान अखिलेश यादव को कभी माफ नहीं करेगा।

 सहारनपुर की कार्रवाई को लेकर भी साधा निशाना

संगीत सोम ने सहारनपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक सरकारी बिल्डिंग पर अवैध इमारत बनाई गई थी, जिसे प्रशासन ने हटाया है। इसके बावजूद अखिलेश यादव इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

संगीत सोम ने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव भूमाफियाओं के साथ हैं। उन्होंने कहा कि कब्जे वाली जमीनों और अवैध रूप से बनी मस्जिदों व मजारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर अखिलेश पर हमला

मुरादाबाद के अंकित बालियान हत्याकांड का जिक्र करते हुए संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव इस तरह की घटनाओं पर राजनीति के लिए ‘गिद्ध जैसी नजर’ रखते हैं, लेकिन जैसे ही पुलिस एनकाउंटर करती है, वह अपना रुख बदलकर माफियाओं के साथ खड़े हो जाते हैं।

संगीत सोम ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में दंगे नहीं हो सकते, क्योंकि प्रदेश में कानून का राज है।

 अखिलेश को पर्यटन स्थल, एम्स और एक्सप्रेस-वे से मतलब नहीं’

संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश में बन रहे पर्यटन स्थलों, एम्स और एक्सप्रेस-वे से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव डांस देखने में व्यस्त रहते थे और उन्हें केवल माफियाओं से मतलब था।

उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव मुगल शासन के आखिरी शासक थे। अब यूपी में मुगल शासन नहीं चलेगा।”

संगीत सोम ने अपने ऊपर हुई कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की सरकार में उन पर फर्जी रासुका लगाई गई थी और कई निर्दोष लोगों को जेल भेजा गया था।

 सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी कसा तंज

सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भी संगीत सोम ने हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर लड़ाई चल रही है। सपा खुद को बड़ी पार्टी मानती है तो कांग्रेस भी खुद को बड़ी पार्टी समझती है।

संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव कांग्रेस को 20-30 सीटों में निपटाने की सोच रहे हैं, जबकि कांग्रेस 200 सीटों की मांग कर रही है। ऐसे में गठबंधन कब होगा और कैसे होगा, इसका कोई पता नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में 300 सीटों के साथ सरकार बनाने जा रही है। संगीत सोम ने कहा कि बीजेपी जमीन पर चुनाव लड़ रही है और जमीन पर काम कर रही है।

‘P से पापी, D से डकैत, A से अपराधी’

सपा के PDA फॉर्मूले पर हमला बोलते हुए संगीत सोम ने कहा, “P से पापी, D से डकैत और A से अपराधी।” उन्होंने PDA को छलावा करार दिया।

संगीत सोम ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में विकास कार्य हो रहे हैं। सड़कें बन रही हैं, स्कूल-कॉलेज बन रहे हैं, निवेश आ रहा है और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार हो रहा है

उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी प्रदेश में कहीं नहीं है और आगामी चुनाव में वह बसपा से भी पीछे रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular