Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश यादव के आरोपों पर बीजेपी नेताओं ने खोला मोर्चा, बोले- कोर्ट...

अखिलेश यादव के आरोपों पर बीजेपी नेताओं ने खोला मोर्चा, बोले- कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित कथित अवैध ढांचे को लेकर लगाए गए आरोपों पर योगी सरकार के मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने तीखा पलटवार किया है।

भाजपा नेताओं ने अखिलेश यादव के बयान को निंदनीय बताते हुए कार्रवाई को न्यायालय के आदेश के तहत की गई कार्रवाई बताया।

कैबिनेट मंत्री **अनिल राजभर** ने कहा कि सहारनपुर मामले में प्रशासन ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन किया है। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी को कार्रवाई पर आपत्ति है तो उसे न्यायालय का रुख करना चाहिए और आदेश के खिलाफ अपील करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल झूठ के आधार पर जनता को गुमराह करने का प्रयास नहीं होना चाहिए।

 अवैध निर्माण के बहाने धार्मिक उन्माद फैलाने का आरोप

कैबिनेट मंत्री **भूपेंद्र चौधरी** ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अवैध मस्जिद के मुद्दे को लेकर धार्मिक उन्माद पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई किसी धार्मिक ढांचे के खिलाफ नहीं, बल्कि सरकारी जमीन पर हुए अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ की गई है। उनके मुताबिक प्रशासन ने न्यायालय के आदेश की पुष्टि के बाद ही कानूनी कार्रवाई की।

 अखिलेश गलत नैरेटिव गढ़ रहे हैं- बृजलाल

भाजपा के राज्यसभा सदस्य  बृजलाल ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह लगातार गलत नैरेटिव गढ़ रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि सहारनपुर में संबंधित ढांचा सरकारी जमीन पर बना था और उसे हटाने की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत हुई। उन्होंने कहा कि मामला पहले सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत और बाद में न्यायिक अदालत में गया, जिसके बाद जिला जज की अदालत के निर्णय के आधार पर कार्रवाई की गई।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने अखिलेश यादव के भगवान बुद्ध के प्रति प्रेम को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते भगवान बुद्ध से जुड़े जिलों के नाम बदले गए थे। उन्होंने महामाया नगर का नाम बदले जाने के साथ पंचशील नगर और प्रबुद्ध नगर के नाम परिवर्तन का भी जिक्र किया। असीम अरुण ने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद अब अखिलेश यादव को भगवान बुद्ध की याद आ रही है।

प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश सिंह ने कहा कि सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी इमारत के मामले में प्रशासन ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन किया है।

उन्होंने अखिलेश यादव और विपक्ष पर मामले का राजनीतिकरण करने तथा धार्मिक उन्माद पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार है और किसी को भी धार्मिक उन्माद पैदा करने का अवसर नहीं दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular