Homeउत्तर प्रदेशअंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर गाजीपुर में निकली विशाल प्रभात फेरी, शिक्षा के...

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर गाजीपुर में निकली विशाल प्रभात फेरी, शिक्षा के प्रति किया जागरूक

रिपोर्ट – पंकज यादव

गाजीपुर। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार, 8 सितंबर को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित साक्षरता पखवाड़े के तहत जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।

जिले के सभी 16 विकासखंडों और नगर क्षेत्र समेत कुल 17 शैक्षणिक क्षेत्रों में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों ने विशाल प्रभात फेरी निकालकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन और संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों की देखरेख में निकाली गई प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में बच्चों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

छात्र-छात्राएं हाथों में शिक्षा की महत्ता दर्शाती तख्तियां और बैनर लेकर चल रहे थे। इस दौरान बच्चों ने ‘आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे’, ‘घर-घर विद्या दीप जलाओ, अपने बच्चे को पढ़ाओ’ और ‘पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया’ जैसे प्रेरणादायी नारे लगाए।

प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से शुरू होकर ग्राम पंचायतों के प्रमुख मार्गों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों से होकर गुजरी। इस दौरान ग्रामीणों और अभिभावकों को बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवभारत साक्षरता कार्यक्रम ‘उल्लास’ और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज से निरक्षरता को समाप्त करने के लिए जागरूकता पैदा करना रहा

इस अवसर पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों ने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव है। उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ निःशुल्क यूनिफॉर्म, पाठ्य-पुस्तकें और मध्याह्न भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचाना जरूरी है।

कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और ग्रामवासियों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साक्षर बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की शपथ दिलाई गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular