न्यूज डेस्क ,लखनऊ
फिल्म ‘हनुमान अंश की टीम ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान फिल्म के निर्माता, निर्देशक और प्रमुख कलाकार मौजूद रहे। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और मुख्य अभिनेता शोभिनव ने मुख्यमंत्री को फिल्म की विषयवस्तु और उसकी आध्यात्मिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी दी।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु गोरखनाथ और नाथ संप्रदाय से जुड़े फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्यों को भी देखा। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि फिल्म में बाबा नीब करौरी और नाथ संप्रदाय के सिद्ध संतों के बीच हुई ऐतिहासिक मुलाकातों का विशेष रूप से चित्रण किया गया है।
निर्देशक के मुताबिक, शोध में यह उल्लेख मिलता है कि अपने शुरुआती दौर में बाबा नीब करौरी लंबे समय तक नाथ संप्रदाय के संतों के सान्निध्य में रहे थे। फिल्म में इसी आध्यात्मिक यात्रा और उनकी हनुमान भक्ति से जुड़े पहलुओं को प्रमुखता दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म और इसके निर्माण से जुड़े सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए टीम को शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि **‘हनुमान अंश’** प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी (नीम करौली बाबा) के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति पर आधारित फिल्म है। कम बजट में तैयार की गई इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है।
