Homeउत्तर प्रदेश30 हजार किमी सड़कों के नवीनीकरण का लक्ष्य, CM योगी ने बारिश...

30 हजार किमी सड़कों के नवीनीकरण का लक्ष्य, CM योगी ने बारिश में खराब मार्गों को तुरंत ठीक करने के दिए निर्देश

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश और बाढ़ के कारण खराब हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन के योग्य बनाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि बरसात अभी जारी है, इसलिए फिलहाल खराब सड़कों को मोटरेबल बनाया जाए। बारिश खत्म होने के बाद जरूरत के अनुसार उनका स्थायी नवीनीकरण कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले पर्व-त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होगा। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बारिश के कारण खराब होने वाली सड़कों का लगातार सर्वे कराने और पर्वों से पहले जरूरी मरम्मत व नवीनीकरण का काम पूरा करने के निर्देश दिए।

681 प्रमुख मार्गों पर विशेष फोकस

आगामी पर्वों को देखते हुए प्रदेश में 681 प्रमुख मार्ग चिन्हित किए गए हैं। इनमें गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान अधिक आवाजाही वाले मार्ग शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त और बेहतर स्थिति में रखने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गड्ढामुक्ति अभियान केवल पैचवर्क तक सीमित नहीं होना चाहिए। जहां तत्काल मरम्मत जरूरी है, वहां पहले सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए और बरसात के बाद स्थायी मरम्मत या नवीनीकरण कराया जाए।

4.36 लाख किमी सड़कों की समीक्षा

बैठक में बताया गया कि नौ विभागों के अधीन प्रदेश में करीब 4.36 लाख किलोमीटर सड़कें हैं। मौजूदा गड्ढामुक्ति अभियान के तहत करीब 50 हजार किलोमीटर सड़कों को बेहतर करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक करीब 5,751 किलोमीटर मार्गों पर काम पूरा हो चुका है।

बारिश और अन्य कारणों से खराब हुई सड़कों का सर्वे कराया जा रहा है। इसके बाद विभागवार लक्ष्य तय किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार अतिवृष्टि के अलावा एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे की निर्माणाधीन परियोजनाओं के चलते भारी वाहनों की आवाजाही से भी कई सड़कें खराब हुई हैं।

स्कूल-अस्पताल और बाजारों की सड़कें पहले सुधरें

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, प्रमुख बाजार, सरकारी कार्यालय और अधिक जन आवागमन वाले स्थानों की सड़कों को प्राथमिकता दी जाए। इन जगहों पर मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कराकर सड़कों को बिना देरी आवागमन योग्य बनाया जाए।

30 हजार किमी नवीनीकरण का लक्ष्य

बैठक में सड़कों के नवीनीकरण और विशेष मरम्मत के काम की भी समीक्षा की गई। विभाग ने करीब 30 हजार किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण और करीब 5 हजार किलोमीटर के लिए विशेष मरम्मत का लक्ष्य रखा है। अब तक करीब 14 हजार किलोमीटर के नवीनीकरण और 700 किलोमीटर की विशेष मरम्मत का काम पूरा होने की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने और मरम्मत कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular