Homeउत्तर प्रदेशविनोद सहनी की हत्या के विरोध में लखनऊ में सपा का प्रदर्शन,...

विनोद सहनी की हत्या के विरोध में लखनऊ में सपा का प्रदर्शन, पुलिस ने घसीटकर बस में बैठाया

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। गोंडा में निषाद पार्टी कार्यकर्ता विनोद कुमार सहनी की हत्या के विरोध में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता हजरतगंज चौराहे पर जुटे और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विनोद सहनी के हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। कार्यकर्ता विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। करीब 40 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच खींचतान चलती रही। इसके बाद पुलिस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस से इको गार्डन भेज दिया।

प्रदर्शनकारी हाथों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर और फैंटा की बोतल लेकर पहुंचे थे। सपा कार्यकर्ताओं ने विनोद सहनी की हत्या को प्रदेश की खराब कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा। उनका आरोप था कि सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विनोद सहनी की हत्या की गई।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिनदहाड़े निषाद समाज के युवक की हत्या हो रही है, लेकिन सरकार और पुलिस उचित कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन अपने समाज को न्याय नहीं दिला पा रहे हैं

प्रदर्शन के दौरान राज साहनी ने कहा कि यूपी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

राज साहनी ने कहा कि भाजपा सरकार PDA समाज को दबाने की कोशिश कर रही है और समाज के युवाओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं के हाथ से फैंटा की बोतल भी छीन ली। प्रदर्शन के कारण हजरतगंज चौराहे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular