रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में रविवार देर रात बड़ा फेरबदल किया गया। प्रदेश सरकार ने 14 IAS और 34 PCS अधिकारियों के तबादले कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। तबादलों में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (CDO), अपर आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती बदली गई है।
सुमित राजेश महाजन को स्टार्ट-अप मिशन की जिम्मेदारी
सहारनपुर के मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन को अब उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) बनाया गया है। उनकी जगह राज्यकर विभाग के अपर आयुक्त डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया CDO नियुक्त किया गया है।
राहुल सिंह को PWD भेजा गया
आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विशेष सचिव राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग (PWD) का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं लखीमपुर खीरी के CDO अभिषेक कुमार को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।अयोध्या के अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय को लखीमपुर खीरी का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
राजस्व परिषद में भी बदलाव
राजस्व परिषद, प्रयागराज के सदस्य (न्यायिक) साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) बनाया गया है।
रेशम विभाग के विशेष सचिव एवं निदेशक देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को भी राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अंबेडकरनगर और रेशम विभाग में नई तैनाती
अंबेडकरनगर के CDO आनंद कुमार शुक्ला को रेशम विभाग में विशेष सचिव एवं निदेशक बनाया गया है। वहीं कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा को अंबेडकरनगर का नया CDO नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी
संयुक्त निदेशक, युवा कल्याण अशोक कुमार कनौजिया को माध्यमिक शिक्षा विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को विशेष सचिव, ग्राम्य विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं सहारनपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अलीगढ़ मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
नेहा शर्मा सचिव पद से मुक्त
चिकित्सा शिक्षा विभाग की महानिदेशक एवं सचिव नेहा शर्मा को सचिव पद की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। रविवार देर रात हुए इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश की नौकरशाही में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती की गई है।
